राजस्थान की सार्वजनिक निर्माण विभाग राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने गुरुवार को नागौर जिले के परबतसर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण और भूमि पूजन किया।
ग्राम पंचायत मीठड़ी में राज्य मंत्री ने 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अटल पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और बेहतर आवागमन को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य कर रही है।
इसके बाद डॉ. मंजू बाघमार ने बिदियाद ग्राम पंचायत में 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया। साथ ही महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 34 लाख रुपये की लागत से बनने वाले तीन नए बड़े हॉल का भूमि पूजन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और परबतसर क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया, परबतसर प्रधान ओमप्रकाश मुंडवाडिया, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.